बांदा। गांव से सामान खरीदकर पुरवा जा रहे युवक को गिट्टी से भरे ट्रक ने टक्कर मारकर कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे चल रहे छोटे भाई ने ट्रक रुकवाने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकला।
कमासिन थाना क्षेत्र के जामू गांव निवासी बच्चूलाल (20) शनिवार की रात 10 बजे करीब अपने छोटे भाई रामबरन (16) के साथ गांव से होली का सामान खरीदकर अपने पुरवा वापस जा रहे थे। बच्चूलाल सड़क में आगे-आगे जा रहा था, तभी पीछे से गिट्टी लादे आए ट्रक ने उसे टक्कर मारकर कुचल दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे को अंजाम देकर ट्रक चालक ट्रक समेत मौके से भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शी छोटे भाई ने ट्रक को रुकवाने की कोशिश की, लेकिन चालक ट्रक समेत भाग निकला।
पिता चंद्रमोहन ने बताया कि दो पुत्र एक पुत्री में वह बड़ा व अविवाहित था। पिता के नाम ढाई बीघा जमीन है। पूरा परिवार मजदूरी करता है। मां राजरानी है। कमासिन थाना इंस्पेक्टर ऋषि देव सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर अज्ञात ट्रक चालक पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।