ब्लाक कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। परिजन व विभागीय अधिकारी मौत की वजह नहीं बता पा रहे हैं। अन्य घटनाओं में युवक व युवती ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की।
चित्रकूट जिले के नारायणपुर निवासी ओमप्रकाश उर्फ बब्बू (35) पुत्र अवधेश बबेरू ब्लाक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। वह पत्नी सतरूपा व तीन पुत्रियों के साथ ब्लाक परिसर में ही रहता था। गुरुवार को पत्नी पुत्रियों के साथ चित्रकूट मायके गई थी।
रात को ओम प्रकाश ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडने पर उसने अपने दोस्त नीलेश गुप्ता को फोन किया। नीलेश व ब्लाक परिसर में मौजूद कर्मचारी उसे लेकर जिला अस्पताल आए। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पिता के मुताबिक घर में किसी प्रकार का विवाद नहीं था। एक अन्य घटना में मटौंध निवासी राजकरन (32) पुत्र मुन्ना ने गुरुवार की रात जहर खा लिया। उधर, गुडिय़ा (20) पत्नी भूरा निवासी चिल्ला ने गुरुवार की रात जहर खाकर जान देने की कोशिश की। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन दोनों के भी जहर खाने का कारण पता नहीं चल सका।