Bike riding student dies due to auto collision
- फोटो : BANDA
बांदा। सड़क किनारे खड़ी बाइक पर बैठे छात्र को एक बेकाबू ऑटो ने टक्कर मार दी। इससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। वह कोटे से राशन लेकर बाबा के साथ घर लौट रहा था। परिजनों के मुताबिक इसी बाइक से गिरकर दो साल पहले छात्र की मां ने दम तोड़ दिया था।
कोतवाली देहात क्षेत्र के जारी गांव निवासी बच्चा बुधवार सुबह अपने पौत्र अमित कुमार (15) के साथ बाइक से राशन लेने गए थे। लौटते समय एक परिचित के मिलने पर वह उससे बातचीत करने लगे। सड़क किनारे खड़ी बाइक पर अमित (25) बैठा था। इसी बीच बांदा की तरफ आ रही तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। चपेट में आ जाने से अमित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चालक ऑटो समेत भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। अमित के ताऊ राजा भइया ने बताया कि अमित अपने परिवार का बड़ा बेटा था। वह गांव स्थित स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। दो साल पहले बांदा-बड़ोखर मार्ग पर इसी बाइक से गिरकर अमित की मां रामकली की मौत हो गई थी।
पिछले साल पिता भइयालाल बीमारी की वजह से चल बसे। सिर से माता-पिता का साया उठ जाने पर अमित, उसके 13 वर्षीय छोटे भाई, 10 व आठ साल की दो बहनों की परवरिश बाबा बच्चा और चाचा मुन्ना कर रहे थे।