अतर्रा। दो दिन से खराब खड़े ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तीसरा गंभीर घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के पचोखर गांव के पास रविवार की रात साढ़े आठ बजे के करीब नरैनी की ओर से आए एक बाइक में सवार तीन लोग सड़क किनारे दो दिन से खड़े ट्रक से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक में सवार तीसरे युवक को डायल-112 पुलिस ने सीएचसी अतर्रा पहुंचाया। यहां घायल युवक की पहचान बांदा शहर के पल्हरी गांव निवासी आयुष सिंह (24) के रूप में की गई है। डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। मृतकाें की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी जेब से मिले मोबाइल और बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पहचान कराने में जुटी है। कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।