बांदा। बाइक व साइकिल में आमने-सामने हुई भिड़ंत से बाइक सवार खंभे से टकरा गया। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। साइकिल सवार गंभीर घायल हो गया। उसे बिसंडा पीएचसी से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के बिसंडा ग्रामीण तकिया पुरवा निवासी संतोष कुमार (40) ने जिला अस्पताल में बताया कि गुरुवार की देर शाम दवा लेने के लिए बिसंडा पीएचसी गया था। वहां से वह साइकिल से अपने गांव जा रहा था, अतर्रा रोड मुक्तिधाम के पास सामने से आए बिसंडा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव निवासी बाइक चालक देवकुमार (32) से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गया। हेलमेट न लगाए होने की वजह से उसके सिर में चोट आने से वह गंभीर घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने देवकुमार को मृत घोषित कर दिया। साइकिल सवार संतोष को जिला अस्पताल रेफर किया गया। संतोष जिला अस्पताल में भर्ती है। बिसंडा थाना इंस्पेक्टर सुरेश सैनी ने बताया कि बाइक व साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हुई थी। इसमें बाइक चालक की मौत हुई है। साइकिल सवार को रेफर किया गया है।