बांदा के बिसंडा क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर बांदा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास दहिनवारा (देवी पूजन) कार्यक्रम से लौटते समय दूसरे ट्रैक्टर से टकराकर ट्रैक्टर-ट्रॉली खंती में पलट गई, जिससे तीन महिलाओं और एक किशोरी की मौके पर मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए। घायलों को पहले बिसंडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
जिला अस्पताल से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को कानपुर रेफर किया गया। हादसे का शिकार हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 महिला-पुरुष और बच्चे सवार थे। गिरवां थाना क्षेत्र के सहेवा गांव निवासी रामसुफल यादव के पुत्र दयाराम का सोमवार को उसके ननिहाल दलपा पुरवा में दहिनवारा कार्यक्रम था। किराये का ट्रैक्टर कर सभी लोग शामिल होने गए थे।
मंगलवार को दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव वापस आते समय सामने से मिट्टी लेकर आ रहे दूसरे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई, जिससे सवारियों से ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे गहरी खंती में पलट गई। हादसे में उमरी गांव निवासी राकेश की पत्नी अर्चना (25), हमीरपुर के बक्छा गांव निवासी अनिल यादव की पत्नी सुशीला (24), सहेवा गांव निवासी रामसुफल की बेटी भूरी (17) और मुलुवा की पत्नह चुन्नी देवी (50) की मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद राहगीरों व आसपास मौजूद लोगों की मदद से पुलिस ने ट्राली हटाकर अन्य घायलों को बाहर निकाला और उन्हें बिसंडा पीएचसी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद 20 घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। हालत नाजुक होने पर सहेवा गांव निवासी राजा और सावित्री को कानपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद मिट्टी भरे ट्रैक्टर का चालक मौके से भाग निकला। उधर, एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान, एसडीएमअतर्रा सौरभ शुक्ला, तहसीलदार विजय कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। सीएमओ डा. एनडी शर्मा और सीएमएस डा. उदय भान सिंह डाक्टरों की टीम के साथ जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर में घायलों के इलाज की व्यवस्था में जुटे रहे।
ये हुए घायल
सहेवा गांव के रामसुफल, सुमन, गीता, मिंती, बुद्धविलास, सुभद्रा यादव, रामा देवी, पिंकी, कुइया, दीपला, सावित्री, राजा, सुनैना, चंदन, कानपुर का छह साल का आर्यन, महोखर निवासी अरविंद, रानी, कुल्लू खेड़ा निवासी संगीता, गिरवां निवासी सुधा और बहोरवापुरवा निवासी जावित्री।