बांदा। उत्तर प्रदेश के उभरते बैडमिंटन खिलाड़ी मोहम्मद अर्श का चयन इंडोनेशिया में आयोजित होने वाली एशियन जूनियर चैंपियनशिप के लिए किया गया है।
बांदा शहर के बलखंडी नाका निवासी मोहम्मद अशफ़ाक के बेटे अर्श ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से राष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण खिताब जीतकर अपनी पहचान बनाई है।
गुवाहाटी के अमिंगम में 10 से 24 जून तक प्रशिक्षण कैंप करने के बाद अर्श 18 सदस्यीय भारतीय टीम के साथ मंगलवार को दिल्ली से इंडोनेशिया के लिए रवाना हो गया। इंडोनेशिया में 28 जून से 7 जुलाई तक आयोजित होने वाली एशियन जूनियर चैंपियनशिप टूर्नामेंट में भारतीय टीम के साथ भाग लेगा। यह टूर्नामेंट अर्श के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। अंडर - 19 टीम के होनहार खिलाड़ी मोहम्मद अर्श की लगातार सफलताओं से यहां गृह जनपद बांदा में बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के खिलाड़ियों ने खुशी जताई है।