पैलानी। बाइक के पास खड़े युवक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के खाईंपार मोहल्ला निवासी अरुण ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र गोलू शहर के बाबूलाल चौराहा निवासी रमेश कुमार के साथ 18 जून को बाइक से बहोरवा पुरवा जा रहा था।
बांदा-बिसंडा मार्ग पर चिल्ली व कुलकुम्हारी गांव के बीच रमेश बाइक को सड़क किनारे खड़ा कर लघुशंका करने लगा, जबकि गोलू बाइक के पास खड़ा था। तभी बिसंडा से बांदा जा रहे ट्रैक्टर ने गोलू को टक्कर मार दी। जिससे गोलू गंभीर घायल हो गया। कानपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। देहात कोतवाली इंस्पेक्टर सुखराम ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।