बांदा। शहर के कालूकुआं में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। भाई ने शराब पिलाकर पीटने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
मूलरूप से बेंदा गांव निवासी बलवीर सिंह का पुत्र धरमवीर सिंह (38) यहां शहर के कालूकुआं में स्थित घर में लगभग चार साल से रह रहा था। रविवार को सुबह तख्त पर उसका शव मिला। बगल में रह रहे बड़े भाई रविकरन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविकरन ने बताया कि धरमवीर को सात बिस्वा जमीन बेचने पर ढाई लाख रुपये मिले थे। आरोप लगाया कि धरमवीर के साथ रह रही शादीशुदा महिला अक्सर उसके साथ मारपीट करती थी। शराब पिलाती थी। साथ में कोई दवा भी खिलाती थी। इसी वजह से उसकी मौत हो गई। बताया कि महिला कानपुर की रहने वाली है। डेढ़ साल पूर्व उसने धरमवीर के साथ कोर्ट मैरिज की थी। महिला की यह पांचवीं शादी थी।
आरोप लगाया कि धरमवीर की जायदाद के लालच में उसकी हत्या की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वह पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराएगा। इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।