ज्ञापन सौंपते राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के प्रतिनिधि मंडल के सदस्य।
- फोटो : amarujala
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन द्वारा चलाया जा रहा ध्यानाकर्षण सत्याग्रह आंदोलन मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अधिशासी अभियंता कार्यालय में धरना के दौरान सभा हुई। अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद को मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। 22 सितंबर को 24 घंटे सामूहिक उपवास पर बैठने की चेतावनी दी गई।
संगठन के जनपद सचिव कांता प्रसाद ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने दोपहर बाद 3 से 5 बजे विरोध सभा की गई। पावर कार्पोरेशन अध्यक्ष लखनऊ को संबोधित ज्ञापन अधीक्षण अभियंता को सौंपा गया। तीसरे दिन भी अभियंताओं ने सुबह 10 से सायं 5 बजे तक बांह पर काली पट्टी बांधकर वर्क टू रूल के तहत ड्यूटी की। सभा की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष राजेश श्रीवास ने की। क्षेत्रीय वित्त सचिव दिलीप कुमार ने कहा कि मांगें पूरी न हुईं तो 22 सितंबर को अवर अभियंता 24 घंटे सामूहिक उपवास पर बैठेंगे।
क्षेत्रीय सचिव आरपी सिंह ने कहा कि शाम साढ़े 5 बजे के बाद अवर अभियंता अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर देंगे या फिर शाखा में जमा कर देंगे। धीरज कुमार भास्कर ने भी संबोधित किया। मोहम्मद सिद्दीक अहमद, क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील पटेल, रवि प्रकाश अग्रवाल, केके कमल, विवेक सिंह, रजनेश, रूपेश कुमार, गजेंद्र प्रताप शाह, अनुुदेश कटियार, पवन कुमार आदि शामिल रहे।