बांदा। पति से झगड़कर युवती ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। शहर के गायत्री नगर निवासी पूजा (23) पत्नी बृजेश रविवार की रात कमरे के अंदर बल्ली में साड़ी बांधकर फांसी पर झूल गई। आधी रात पति की नींद खुली तो उसे फंदे पर लटका देखा। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जेठ राजेंद्र का कहना है कि बृजेश मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता है। पूजा द्वारा खर्च के लिए पैसे मांगने पर विवाद हुआ। इसी पर पूजा ने फांसी लगा ली। अलीगंज निवासी मृतका के भाई पकंज का कहना है बहन की एक वर्ष पूर्व शादी हुई थी। आरोप लगाया कि पति जुआ व शराब का लती है। पूजा को मारता-पीटता था। घटना के दिन भी हत्या करने के बाद शव फंदे पर लटका दिया गया। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह का कहना है कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।