फोटो - 17 सर्राफा की दुकान में लगी खरीदारों की भीड़। संवाद
बांदा। अक्षय तृतीया पर सर्राफा बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। रिकॉर्ड महंगाई के बावजूद सोने-चांदी के आभूषणों की जमकर बिक्री हुई। रात तक करीब 25 से 30 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया गया।
डायमंड जड़े लॉकेट और अंगूठियां भी खूब बिकीं। शहर के लोगों ने रविवार को अक्षय तृतीया मनाई, जबकि ग्रामीण सोमवार को मनाएंगे। रविवार को बाजार में ठेकेदार, अधिकारियों के परिजन और नेताओं की भीड़ रही। इन लोगों ने पहले से ही गहनों के आर्डर और रुपये दिए हुए थे। सहालग के चलते वर-कन्या पक्ष के लोगों ने भी आभूषण खरीदे।
मध्यम वर्ग के लोगों ने लॉकेट, पायल और अंगूठी जैसे हल्के आभूषण खरीदे। स्वराज कॉलोनी निवासी पिंकी ने बेटे की शादी के लिए 11 लाख रुपये के आभूषण खरीदे। मयंक का मानना है कि सोने का भाव भविष्य में और बढ़ेगा, इसलिए वे रेट नहीं देख रहे। सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन भैया ने दो दिन अक्षय तृतीया से व्यापार को लाभ बताया। उन्होंने प्रथम दिन रविवार को 20 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की संभावना जताई।
खरीदारी का रुझान
ज्वैलर्स राजीव कुमार के अनुसार, अक्षय तृतीया पर भीड़ तो है पर बिक्री कम है। खरीदार हल्के से हल्का सामान मांग रहे हैं, जिससे पिछले साल से 25 फीसदी खरीदारी घट गई है। ज्वेलर्स रामबहोरी ने बताया कि लोग रकम पूछकर पीछे हट जाते हैं। बाजार में सहालग के खरीदार अधिक दिखाई दिए।
कारोबार पर अलग-अलग राय
ज्वैलर्स गुड्डा अग्रवाल का कहना है कि खरीदारों में उत्साह की कोई कमी नहीं है। सोना-चांदी महंगा होने के कारण लोग हल्के आभूषण खरीद रहे हैं। हालांकि, उनका मानना है कि पिछले साल से कारोबार कम नहीं हुआ है। अक्षय तृतीया के दो दिन मनाए जाने से कुल व्यापार में वृद्धि की उम्मीद है।