बांदा। ससुराल में प्रताड़ना से आजिज आकर मायके में रह रही युवती ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। तीन साल पूर्व शादी हुई थी। पिता के मुताबिक पति से अदालत में मुकदमा भी चल रहा है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के ददरिया गांव में मंजू देवी (22) पुत्री विजय कुमार ने शनिवार की रात जहर खा लिया। उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता विजय कुमार ने बताया कि मंजू की शादी कोतवाली नगर क्षेत्र के तिंदवारा गांव में सोमप्रकाश से हुई थी।
आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति समेत अन्य ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। अक्सर मारते-पीटते थे। इसी वजह से वह एक साल से मायके में रह रही थी। इसी तनाव में उसने आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त मंजू घर में अकेली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
आग से झुलसे युवक की मौत
बांदा। आग से झुलसे 35 वर्षीय युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। गिरवां थाना क्षेत्र के महुआ गांव में शंकर पुत्र रामजियावन पिछले माह 6 अक्तूबर को अपनी मां चौबी सविता (55) को बचाने में आग से बुरी तरह झुलस गया था।
मां की घटना वाले दिन ही मौत हो गई थी। शंकर का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार को सुबह उसने भी दम तोड़ दिया।