बांदा। लकवाग्रस्त पति को लेकर ससुरालियों से अलग रह रही महिला को उसके सास, ससुर और देवर ने मारपीट कर घायल कर दिया। मोबाइल से वीडियो बनाने पर उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घायल महिला ने जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई बाईपास निवासी सुमन (32) ने बताया कि उसके पति राजकुमार (35) को लकवा लग गया है। वह पहले खाईंपार मोहल्ले में रहती थी, अब वह मवई बाईपास के पास रहने लगी है। बुधवार की शाम उसका देवर रवि और सास व ससुर उसके घर आए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। उसने गाली देने से मना किया तो तीनों ने सुमन के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट होते देख उसका पुत्र ऋषभ (14), पुत्री नैंसी (11) व माही (8) आईं तो उनके साथ भी मारपीट की।
पुत्र ने मारपीट का वीडियो बनाना चाहा तो उसका मोबाइल तोड़ दिया। सुमन ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने घायल महिला का मेडिकल कराया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि आपसी विवाद है।