बांदा। ससुराल में युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की वजह पति-पत्नी के बीच कहासुनी बताई गई। एक अन्य घटना में शराब के नशे में खुद को आग के हवाले कर बैठे किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पैलानी थाना क्षेत्र के पचकौरी गांव निवासी पूनम देवी (24) पत्नी राम सिंह ने मंगलवार की रात कमरे में प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त पति दरवाजे पर बैठा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतका के जेठ सभाजीत ने बताया कि किसी बात को लेकर पूनम की पति से कहासुनी हो गई थी।
इसी से क्षुब्ध होकर उसने जान दे दी। मृतका की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी। उसके एक पुत्र है। मृतका का मायका बेंदा लहडेरा है। मायके वालों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करेंगे। उधर, पैलानी इंसपेक्टर बलजीत सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल मायके पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।
एक अन्य घटना में सीमावर्ती फतेहपुर जनपद के ललौली गांव स्थित पुरवा निवासी किशन पाल (45) पुत्र देवीलाल ने चार दिन पूर्व घर में मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली थी। उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के भतीजे विवेक का कहना है कि किशन पाल नशे का आदी था। शराब पीने को लेकर घरवालों से झगड़ा हो गया था। इसी से क्षुब्ध होकर आग लगा ली थी।
केन नदी में छलांग लगाकर की खुदकुशी की कोशिश
बांदा। शहर के कटरा निवासी अरविंद मिश्रा (52) पुत्र किशोरीलाल ने बुधवार को दोपहर केन नदी सड़क पुल से नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घाट पर मौजूद नाविकों ने उसे आनन-फानन बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
परिजन घटना की वजह नहीं बता सके। उधर, तेरा-ब (बदौसा) निवासी पूजा (15) पुत्री ज्वाला प्रसाद और समगांव (हमीरपुर) गांव निवासी श्यामा (22) पत्नी संजय ने अपने-अपने घरों में जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।