बांदा। नरैनी क्षेत्र के करतल कस्बे में रविवार रात रसोई गैस सिलिंडर से लगी आग ने एक महिला की जान ले ली। दुकान में गैस रिफिलिंग के दौरान सिलिंडर से हो रहे रिसाव के कारण आग भड़क उठी, जो देखते ही देखते पीछे स्थित कमरे तक पहुंच गई और वहां रह रही महिला उसकी चपेट में आ गई।
जसपुरा थाना क्षेत्र के गौरीकलां निवासी राजकुमार करतल के एक निजी विद्यालय में शिक्षक हैं और कस्बे में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहे थे। जिस मकान में वह रहते थे, उसके बाहर स्थित दुकान में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का काम किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार रात दुकान में रखे एक सिलिंडर से गैस रिसाव हो रहा था, तभी अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलते हुए दुकान के पीछे बने कमरे तक पहुंच गईं, जहां राजकुमार की 45 वर्षीय पत्नी सुनीता मौजूद थीं। वह आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और महिला को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के पुत्र हिमांशु शुक्ला ने आरोप लगाया है कि यह हादसा दुकान संचालक महेश की लापरवाही के कारण हुआ है, जो गैस रिफिलिंग का कार्य कर रहा था।
नरैनी कोतवाली प्रभारी संदीप तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, साथ ही गैस रिफिलिंग के अवैध संचालन को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।