बांदा। फुफेरी बहन की समारोह से लौट रहे बाइक सवार दो चचेरे भाई रविवार देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पदारथपुर निवासी 25 वर्षीय गोविंदा और उसका चचेरा भाई 18 वर्षीय सूरज अपनी बुआ के घर आयोजित मायन कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे। परिजनों के अनुसार दोनों पलरा गांव से वापस आ रहे थे। तभी घूरा के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने गोविंदा को मृत घोषित कर दिया, जबकि सूरज की हालत नाजुक देखते हुए उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
मृतक के पिता विशाल ने बताया कि सोमवार को उनकी बहन की बेटी की शादी है, जिसके चलते रविवार को मायन का कार्यक्रम था। उसी में शामिल होकर दोनों लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
चिल्ला थाना प्रभारी अर्पित पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण गोविंदा की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है।