फोटो - 15 परशुराम तालाब में अवैध पटाखा फैक्ट्री की जांच करती पुलिस। स्रोत- पुलिस।
बांदा। शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फैक्ट्री से 1.2 लाख रुपये की कीमत का पटाखा व पटाखा बनाने की सामग्री, बारुद, विस्फोटक रासायनिक पदार्थ आदि बरामद किया है। दूसरी तरफ कमासिन पुलिस ने भी अवैध रूप से पटाखा बनाने वाले को गिरफ्तार किया है। उसके पास से भारी मात्रा में पटाखे, विस्फोटक व सामग्री बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज व सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम गश्त के दौरान शहर के परशुराम तालाब रेलवे ट्रैक के पीछे राममिलन के मकान में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण कराने की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस ने छापा मारकर अवैध रूप से पटाखे का निर्माण कर रहे यहीं के मुन्ना व पंकज को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी मौके से भाग गया। उनके पास से चार बोरी देसी पटाखा 42.5 किलो, दो बोरी सफेद हार्ड रैपर 47 किलो, एक बोरी अर्धनिर्मित खोखा चार किलो, एक बोरी अर्धनिर्मित खोखा चार किलो, कच्चे सीमेंट के टुकड़े 16 किलो, देसी रोशनी सात किलो, सूजा, भगोना, कटर बत्ती के अलावा 13 प्रकार के छोटे-बड़े पटाखे बरामद किए गए हैं।
उधर, कमासिन पुलिस ने गश्त के दौरान थाना क्षेत्र के राछा गांव निवासी चुनबाद को 55 बड़े निर्मित पटाखे, 2.5 किलो बारुद, दो किलो गंधक, एक हजार छोटे-बड़े अर्ध निर्मित पटाखे, पटाखे बनाने में प्रयुक्त पोटाश, चमकीला पदार्थ आदि बरामद किया है।