बांदा। मुक्तिधाम श्मशान स्थल एवं कब्रिस्तान विकास समिति ने अपना स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया। इस मौके पर भूमि दानदाताओं का सम्मान करने के साथ-साथ समिति का लेखा-जोखा भी पेश किया गया। समिति ने 70 लाख रुपए से निर्माण कार्य कराए हैं। इस मौके पर चालू वर्ष के लिए पांच लाख से ज्यादा का बजट भी प्रस्तावित भी किया गया। साथ ही मुक्ति वाहन के लोकार्पण की रस्म भी अदा की गई। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मुक्तिधाम ने इस साल 54 लावारिस शवों का अपने खर्च पर अंतिम संस्कार किया।
बृहस्पतिवार को शाम छावनी स्थित तुलसी स्वरूप में समारोह की शुरूआत एमएलसी डा.यज्ञदत्त शर्मा और विधायक दलजीत सिंह तथा नगर मजिस्ट्रेट मोहम्मद नसरूल्लाह ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। बाबूलाल गुप्त के स्वागत भाषण के बाद उन लोगों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने मुक्तिधाम के लिए भूमि दान की है। पूर्व सांसद स्वर्गीय भीष्मदेव दुबे को मरणोपरांत उत्कृष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने हरदौली घाट पर भूमि दान की थी। यह सम्मान स्वर्गीय दुबे के पुत्र लालू दुबे ने ग्रहण किया। मुक्तिधाम अध्यक्ष शकील अली को खाईंपार में श्मशान घाट के लिए भूमि दान करने पर सम्मानित किया गया। राजघाट में भूमि दान करने वाले सीरजध्वज सिंह को भी सम्मान दिया गया। उनकी अनुपस्थिति में यह सम्मान उनके प्रतिनिधि जगराम सिंह को सौंपा गया। आर्थिक सहयोग करने वाले संतोष ढंढारिया और परशुराम लालवानी को प्रमाणपत्र व स्मृति चिह्न तथा लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार करने के लिए अमित सेठ भोलू, हाजी इकबाल उर्फ बल्लू, सगीर अहमद, बाबा फरीद भारती भी सम्मानित हुए। पूर्व चेयरमैन राजकुमार राज, संत कुमार गुप्ता और कामता प्रसाद लाला को भी सम्मानित किया गया। बीना गुप्ता ने अपने बाबा के नाम से शुरू हुए पुरस्कार में 1101 रुपए भोलू सेठ को दिए। अशोक त्रिपाठी जीतू ने सुदामा मल सिंधी की स्मृति में हर वर्ष एक सम्मान देने की घोषणा की।
समिति सचिव संतोष गुप्त ने मुक्तिधाम का लेखाजोखा प्रस्तुत किया। बताया कि लावारिस लाश में 2500 रुपए का व्यय होता है। लेखाजोखा कोई भी देख सकता है। अब तक लगभग 70 लाख रुपए के निर्माण कार्य हुए हैं। 12 बीघा जमीन श्मशान घाट के लिए सुरक्षित हुई है। कोषाध्यक्ष मनोज जैन ने अगले वर्ष के लिए पांच लाख नौ हजार का बजट प्रस्तुत किया। वैश्य राजकुमार राज ने भी संबोधित किया। अमित सेठ और फरीद बाबा ने बताया कि इस वर्ष 47 हिंदू और सात मुसलिम लावारिस लाशों का संस्था ने अपने खर्च पर अंतिम संस्कार किया है। एमएलसी डा.यज्ञदत्त शर्मा और विधायक दलजीत सिंह ने मुक्तिधाम केे कार्याें की जमकर सराहना की। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट मोहम्मद नसरूल्लाह ने इस नेक काम में मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान मुक्ति वाहन के लोकार्पण की रस्म भी अदा
की गई।
पूर्व चेयरमैन अब्दुल हफीज फारूकी सहित वासिफ जमां खां, प्रो.वीके मेनन, आनंद सिन्हा, संतोष मसुरहा, लवलेश सिंह, डा.विजय सिंह चौहान, हाजी शब्बीर अली, शेख सादी जमां, शैलेंद्र सिंह, अभिमन्यु सिंह, मनीष श्रीवास्तव, मूलचंद्र, वीरेंद्र कुमार, प्रभा गुप्ता, पुनीतलाल, विनोद जैन, डा.प्रीति अग्रवाल, मुन्नी गुप्ता, लल्लू खां समाजसेवी, आनंदी साहू आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुईन राही ने किया।