बांदा। संस्कृत परीक्षा में बृहस्पतिवार को 44 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। 713 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। इनमें कई उम्रदराज भी थे। परीक्षा में शामिल कई महिलाओं के बच्चों को उनके पति संभाले रहे।
शहर में एक मात्र खानकाह इंटर कालेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसमें रामलीला संस्कृत महाविद्यालय, गड़रिया (जसपुरा) संस्कृत महाविद्यालय, वामदेव संस्कृत महाविद्यालय, भुजरख व तिंदवारी संस्कृत महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि पहली पाली में पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष (9वीं) के 208 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 20 अनुपस्थित रहे। उच्चतर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) में पंजीकृत 135 में 131 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। चार नदारद रहे।
इसी प्रकार दूसरी पाली में प्रथम मध्यमा द्वितीय वर्ष (10वीं) के 201 परीक्षार्थियों में 191 शामिल हुए। 10 ने परीक्षा छोड़ दी। उच्चतर मध्यमा प्रथम वर्ष (11वीं) में पंजीकृत 187 में 177 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। 10 गैरहाजिर रहे। प्रथमा (8वीं) में सभी 6 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।