बांदा। यहां के बाशिंदे और फिल्म निर्माता तथा मशहूर जनकवि केदारनाथ अग्रवाल के इकलौते पुत्र अशोक कुमार अग्रवाल का चेन्नई में निधन हो गया। प्रगतिशील लेखक संघ ने शनिवार को यहां शोक सभा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। केदार सम्मान संयोजक नरेंद्र पुंडरीक ने बताया कि अशोक अग्रवाल लगभग 75 वर्ष के थे। जीवन भर फिल्मों के निर्माण में लगे रहे। मातृभूमि, छोटा चेतन, कामाग्नि जैसी अंतराष्ट्रीय स्तर की फिल्में बनाईं। वह फिल्म फेयर पुरस्कार निर्णायक मंडल सदस्य भी रहे।
शोक सभा में महेश अग्रवाल, बाबूलाल गुप्त, बीना गुप्त, चंद्रपाल कश्यप, योगेश श्रीवास्तव, एसपी सिंह, बाबू तिवारी, मयंक खरे, जयकांत शर्मा, डा.रामगोपाल गुप्ता, अखिलेश श्रीवास्तव, सुधीर खरे आदि शामिल रहे। दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।