फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फाग महोत्सव में दो गुट भिड़े, फायरिंग में घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
अतर्रा/बबेरू/बांदा। दो दबंग गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग से फाग व नाच देख रहे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। एक पक्ष के युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, पुलिस ने अवैध असलहों से हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर को साथ लेकर घरों में छापेमारी की। ग्रामीणों ने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। उधर होली के विवादों में हुई मारपीट में सात और घायल हो गए।
विज्ञापन

चौसड़ गांव में मंगलवार की रात होली में फागुवा कार्यक्रम चल रहा था। गांव के ही दारा सिंह व आधा सैकड़ा से ज्यादा ग्रामीण मौजूद थे। कुछ देर में सोनू तिवारी भी नाच देखने आ गया। गानों की फरमाइश पर दोनों में विवाद हो गया। दारा सिंह व उसके साथियों ने सोनू को ललकारा और लाठी-डंडे चलने लगे। सोनू लहूलुहान हो गया। अवैध असलहों से हवाई फायरिंग से भगदड़ मच गई। अतर्रा थानाध्यक्ष ने सोनू को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उसे जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। उधर, गांव में असलहों के अवैध प्रदर्शन और ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद ओरन चौकी पुलिस ने कई जगह दबिश दी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज ने गांव के कई निर्दोषों के यहां दबिश के बहाने गुंडई व अभद्रता की। पुलिस के साथ एक हिस्ट्रीशीटर भी था। उसी के इशारे पर पुलिस ने मनमानी की। गांव के रंबा वर्मा, शिवमूरत, अजय आदि ने एसपी को पत्र भेजकर जांच कराने की मांग की।
उधर कटरा मोहल्ला निवासी मदन गुप्ता (35) पुत्र मूलचंद्र गुप्ता कंचन पुरवा होली खेलने गया था। नशे में धुत चार हमलावरों ने डंडों से पिटाई के बाद उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। परिजनों ने उसे भर्ती कराया। इसी प्रकार बबेरू कोतवाली क्षेत्र के टोलाकलां गांव में रंग डालने के विवाद में दो पक्षों के बीच लाठियां चलीं। चार के विरुद्ध जानलेवा हमला का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसहाक पुत्र मुल्ला खां ने कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि वह गांव की दुकान में मोबाइल फोन चार्ज कर रहा था। इसी बीच रणविजय सिंह पुत्र इंद्रजीत, प्यारे यादव पुत्र लल्लू यादव, कारेलाल पुत्र मइयादीन और मोहनलाल उर्फ बब्लू पुत्र मइयादीन ने उसकी पिटाई की। बचाने आए भतीजे अली हसन और पत्नी रहमत, भाभी रसुलिया और रूबिया को भी मारा पीटा। पुलिस ने धारा 308, 323 व 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया। उधर ब्योंजा गांव निवासी मंगल श्रीवास पुत्र चंद्रभवन ने गांव के मोतीलाल, पित्तू और वीरेंद्र के खिलाफ मारपीट व एससी/एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन

--
भाई को बचाने में छात्रा की भी पिटाई
अतर्रा। तिलक नगर में मंगलवार शाम होली पर नशे की हालत में डीजे बजा रहे युवकों ने हैंडपंप में पानी भर रहे दिनेश पर अबीर-गुलाल डाल दिया। इसी बात पर विवाद हो गया। दिनेश को पिटते देख बहन आरती (21) बचाने दौड़ी तो डीजे वालों ने लाठी से सिर पर वार कर दिया। वह लहूलुहान हो गई। परिजनों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। आरती को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। आरती बदौसा इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा है। चोट से बुधवार को उसका पेपर छूट गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें