बांदा। होली के चार दिवसीय अवकाश के बाद बुधवार को बोर्ड परीक्षा फिर शुरू हो गई। 1173 छात्र-छात्राओं में 112 ने परीक्षा छोड़ दी। उधर, विश्वविद्यालय परीक्षा में 5451 परीक्षार्थियों में 182 अनुपस्थित रहे। आंतरिक सचल दल ने राजीव गांधी महाविद्यालय में एक छात्र को नकल करते पकड़ा। माध्यमिक शिक्षा परिषद परीक्षा में बुधवार को पहली पाली में कृषि विज्ञान में पंजीकृत 1173 परीक्षार्थियों में 1061 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। 112 ने परीक्षा से किनारा कर लिया। इंटरमीडिएट मानव विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र में कोई भी परीक्षार्थी नहीं रहा। चारों उड़नदस्तों को कोई नकलची नहीं मिला।
उधर, विश्वविद्यालय परीक्षा में राजीव गांधी डीएवी महाविद्यालय में पहली पाली में 305 परीक्षार्थियों में तीन अनुपस्थित रहे। तीसरी पाली में 243 छात्र-छात्राओं में 11 ने परीक्षा छोड़ दी। केंद्र व्यवस्थापक डॉ.रामभरत सिंह तोमर के आंतरिक सचल दल ने बीए प्रथम वर्ष राजनीति विज्ञान में एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा। उसका रस्टीकेशन कर दिया गया। राजा देवी डिग्री कॉलेज में प्रथम पाली में बीए व बीएससी की राजनीति शास्त्र, भौतिक व जंतु विज्ञान की परीक्षा में 743 में आठ परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। तीसरी पाली में 1060 में 28 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। एकलव्य महाविद्यालय दुरेड़ी में सुबह पाली में बीए द्वितीय वर्ष राजनीति विज्ञान द्वितीय प्रश्न पत्र में 129 में 2 व एमए प्रीवियस अर्थशास्त्र 112 में एक ने परीक्षा छोड़ दी। तीसरी मीटिंग बीए प्रथम प्रथम राजनीति शास्त्र व बीए तृतीय वर्ष अंग्रेजी में एक परीक्षार्थी गैरहाजिर रहा। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में सुबह 137 व शाम को 300 छात्राओं में पांच नदारद रहीं। पंडित जेएन डिग्री कॉलेज में 2370 परीक्षार्थियों में 27 परीक्षार्थियों ने किनारा कर लिया। अतर्रा महाविद्यालय में 1796 परीक्षार्थियों में 23 ने परीक्षा छोड़ी।