बांदा। चालू वित्तीय वर्ष में चार गांवों में समूह पेयजल योजना के जरिए जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इन गांवों में कार्यदायी संस्था जल निगम सोलहवीं शाखा के माध्यम से काम कराया जा रहा है। उधर, पिछले वित्तीय वर्ष में 355 हैंडपंपों में 70 अनुसूचित जाति की बस्ती में लगाए गए।
अधिशासी अभियंता जल निगम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2013-14 में पनगरा पेयजल योजना (नरैनी), सिंधनकलां पेयजल योजना (जसपुरा) और बसरही व लोहरा पेयजल योजना (बड़ोखर खुर्द) गांवों में पाइप लाइन के जरिए जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। पिछले वित्तीय वर्ष में चटगन (बड़ोखर खुर्द), पैलानी (तिंदवारी), स्योढ़ा (महुआ) और खंडेह (बड़ोखर खुर्द) पेयजल योजना पूरी कर जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। खंडेह ग्राम समूह पेयजल योजना में खंडेह समेत इटवां, करछा और खैराडा गांवों में पाइप लाइन से जलापूर्ति की जा रही है। उधर, वित्तीय वर्ष 2012-13 में राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम के तहत 355 नए हैंडपंप लगाए गए। इनमें 285 सामान्य और 70 अनुसूचित जाति का बस्ती में लगे हैं। रिबोर किए गए 400 हैंडपंपों में 88 अनुसूचित जाति की बस्ती में शामिल हैं।