बांदा। जिला पंचायत सभागार में बुधवार को सिंचाई बंधु समिति की बैठक हुई। संचालन समिति सदस्य महेंद्र सिंह वर्मा की अध्यक्षता मे माइनरों की पिचिंग व पुलिया निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किए गए।
बैठक में महेंद्र सिंह वर्मा ने पिछली बैठक की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि अलिहा माइनर पर 1.71 लाख रुपए की लागत से मसुरी वाली पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। निवादा माइनर से रेउना माइनर पर पट्टी के दोनों तरफ 8.42 लाख से पिचिंग कार्य होगा। बांदा ब्रांच के किलोमीटर 23.550 से 25.270 तथा किलोमीटर 26.800 से 28.200 तक रुपए 62.87 लाख से पिचिंग कार्य होगा। बांदा ब्रांच की टूल से अलोना रजबहा पर रिटेनिंग वाल के निर्माण पर 4.45 लाख रुपए खर्च होंगे। उन्होंने योजना के प्रस्ताव अधिशाषी अभियंता केन कैनाल केएन गुप्ता को सौंपने की बात कही। वे योजना के लिए शासन को पत्र लिखेंगे। उन्होंने नलकूप से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए समन्वय समिति गठित करने की बात कही। बैठक में रामगंगा की समीक्षा पर बीएसए जेपी श्रीवास्तव नदारद रहे। प्रतिनिधि भेजे जाने पर श्री वर्मा ने नाराजगी जाहिर की। समिति अध्यक्ष ने ग्रामीणों को जनवरी माह से रोस्टर के मुताबिक पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में संचालन समिति की सदस्य शांति देवी साहू के प्रतिनिधि रामप्रकाश साहू, ममता राजपूत के प्रतिनिधि धीरज राजपूत, एक्सईएन केएन गुप्ता, अधिशाषी अभियंता सिंचाई प्रखंड तृतीय, एई चेतराम, नलकूप प्रखंड एक्सईएन शमीम अहमद, लघुडाल नहर प्रखंड एक्सईएन अजय मेहरोत्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रवीण मोहन, जिला विकास अधिकारी निर्मळा, लघु सिंचाई अवर अभियंता रौशन सिंह मौजूद रहे।