बबेरू (बांदा)। दीपावली पर देवी दर्शन को जा रहे मौनियों से भरी ट्राली पलट गई। उस पर सवार तीस से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। एक और ट्राली दुर्घटना में दो मौनियों को गंभीर चोटें आईं और एक दर्जन मामूली घायल हो गए।
घटना बुधवार को दोपहर हुई। तिंदवारी क्षेत्र के मूंगुस गांव के लगभग ढाई सैकड़ा मौनिया (मौन धारण किए दीवाली खेलने वाले ग्रामीण) ट्रैक्टर ट्रालियों पर बबेरू जा रहे थे। वहां उन्हें प्रसिद्ध मढ़ीदाई मंदिर में देवी दर्शन करना था। इन्हीं में से एक ट्राली तिंदवारी आते समय हरदौली और टोला गांवों के बीच नहर पुलिया के पास पलट गई। इस ट्राली पर लगभग तीन दर्जन लोग बैठे थे। सभी ट्राली में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रजोला यादव (32), रंजीत यादव (30), मुड़िया जमादार (50), कमलेश पटेल (40), रामस्वरूप रैदास (50), दिलीप पटेल (30), बच्छराज राजपूत (42), पंजाबी रैदास (45), सच्चिदानंद विश्वकर्मा (30), राजेश यादव (30), रामस्वरूप राजपूत (40), उदयभान वर्मा (23), धजेराम वर्मा (30), प्रेम कुशवाहा (25), दीनू यादव (25), हरिशंकर प्रजापति (18), भोले पटेल (18), भूरा राजपूत (40), किशन पटेल (23), राममिलन कुशवाहा (23) और राममिलन प्रजापति (18) शामिल हैं।
लहूलुहान और कराहते घायलों को अन्य ट्रालियों पर सवार मौनियों ने पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू भिजवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रिफर कर दिए गए। कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं थी। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
अतर्रा प्रतिनिधि के अनुसार अतर्रा ग्रामीण के मजरा बहादुरपुरवा से दीवारी नृत्य का प्रदर्शन करने खत्री पहाड़ विंध्यवासिनी मंदिर जा रहे मौनियों से भरी ट्राली गौराबाबा मंदिर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्राली का अगला पहिया टूटकर अलग जा गिरा। कई मौनिए जमीन पर आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें लाला (23) निवासी अतर्रा, राजकरन वाल्मीकि (24) अतर्रा को गंभीर चोटें आई। दोनों को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। लगभग एक दर्जन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।