बांदा। पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में नरैनी ब्लाक
में सबसे अधिक 72 फीसदी वोट पड़े। बिसंडा ब्लाक में 68 फीसदी मतदाताओं ने
वोट डाले।
दोनों ब्लाकों में मतदान का औसत 70 फीसदी रहा। इसी के
साथ 3290 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में सील हो गई। देर शाम
मतपेटियां स्ट्रांग रूम में पहुंच गईं।
ग्राम प्रधान व सदस्य चुनाव
में दूसरे चरण में 68 फीसदी वोट पड़े थे। तीसरे चरण में यह औसत बढ़कर 70
फीसदी पहुंच गया। नरैनी ब्लाक की 83 ग्राम पंचायतों के 291 बूथों में मतदान
हुआ।
सुबह मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दोपहर होते ही इसमें तेजी आ गई। मतदान खत्म होने तक 72.20 फीसदी वोट पड़े।
यहां
ग्राम प्रधान के 1259 और वार्ड मेंबर के 673 प्रत्याशियों की किस्मत
मतपेटियों में बंद हो गई। मतदान के बाद मतपेटियां राज कुमार इंटर कालेज,
नरैनी के स्ट्रांग रूम में रखी गईं।
उधर, बिसंडा ब्लाक में 49
ग्राम पंचायतों के लिए 211 बूथों में वोट डाले गए। यहां ग्राम प्रधान के
858 और वार्ड सदस्य के 500 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो
गई।
दिन में धूप खिलने के साथ मतदाताओं का उत्साह बढ़ा और दोपहर तक
सभी बूथों में लंबी कतारें लग गईं। मतदान खत्म होने के बाद मतपेटियां
आदर्श इंटर कालेज, बिसंडा में जमा की गईं।