अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। डीआईजी मनोज तिवारी शनिवार को पैलानी थाने में समाधान दिवस के मौके पर फरियादियों से सीधे रूबरू हुए। उनके साथ पुलिस अधीक्षक एस आनंद भी थे। आम लोगों की शिकायतों और फरियादों को सुनकर थानाध्यक्ष को तत्काल इनके निस्तारण के निर्देश दिए गए। थाने का निरीक्षण भी किया। यहां के बाद डीआईजी और एसपी ने चिल्ला थाने में मुआयना किया। थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जो भी शिकायतें आएं उनका निस्तारण तीन दिन में करें।
पैलानी प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए कि अभिलेख का रखरखाव सुधारें। पुराने माल का निस्तारण तेजी से किया जाए। चेकिंग संबंधी ब्योरा पूरा न दर्ज होने पर नाराजगी जताते हुए रोजाना दर्ज करने के निर्देश दिए। पैदल गश्त व संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग नियमित करने को कहा। चिल्ला प्रतिनिधि के मुताबिक, निरीक्षण में डीआईजी और एसपी ने थाने के अभिलेख, परिसर और आरक्षियों का बैरक देखा।
निर्देश दिया कि बांदा शहर कोतवाली की तर्ज पर सभी थानों में ई-मालखाना प्रस्तावित है। इसकी तैयारी करें। थाना इंसपेक्टर राकेश पांडेय को निर्देश दिया कि टॉप-10 व टॉप-5 अभियुक्तों को चिन्हित कर इनके विरुद्ध कार्रवाई करें। थाने आने वाले फरियादियों से नरमी और सभ्यता से पेश आया जाए। प्राप्त शिकायतों का निस्तारण तीन दिन में करने का निर्देश दिया।
-डीआईजी ने थानाध्यक्षों को दिए निर्देश
-पैलानी और चिल्ला थाने का किया निरीक्षण
-डीआईजी के साथ एसपी भी शामिल रहे