समाजवादी सूखा राहत पैकेट लेकर जाते ग्रामीण
- फोटो : amar ujala bureau
बांदा। सूखाग्रस्त बुंदेलखंड में फिलहाल प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों को हर माह दिए जा रहे सूखा राहत पैकेट का वितरण जारी रहेगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने बुंदेलखंड के सभी सातों जनपदों को 48 करोड़ रुपये और दिए हैं। चित्रकूटधाम मंडल के चारों जनपदों में लगभग एक करोड़ पैकेटों का वितरण हर माह हो रहा है। प्रदेश सरकार सूखा ग्रस्त बुंदेलखंड में गरीब परिवारों जो अंत्योदय कार्ड धारक हैं उन्हें अप्रैल माह से राशन का पैकेट मुफ्त दे रही है। इस पैकेट में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, पांच किलो चने की दाल, पांच लीटर सरसों का तेल, एक किलो चीनी, एक किलो शुद्ध देशी घी, एक किलो दूध पाउडर, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी, 25 किलो आलू दिए जा रहे हैं। जिन पैकेटों में यह राशन बांटा जा रहा है वह समाजवादी पार्टी के झंडे रंग वाले हैं। अप्रैल, मई और जून में यह राशन किट बांटे जा चुके हैं। अब जुलाई में भी बांटने की तैयारी है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने राज्य आपदा मोचक निधि से बुंदेलखंड के सातों जनपदों से 48 करोड़ रुपये और स्वीकृत किए हैं।
प्रदेश सरकार के सचिव एवं राहत आयुक्त अनिल कुमार द्वारा इस बाबत 22 जून को जारी आदेश यहां प्राप्त हो गया। इसमें बताया गया है कि सूखा प्रभावित किसानों के जीवन निर्वाह के लिए यह राशि दी जा रही है। निर्देश दिया गया है कि इस पैसे को समय से खर्च करना होगा, वरना 31 मार्च को यह कोषागार में सरेंडर की जाएगी। जारी किए गए 48 करोड़ में सबसे ज्यादा बांदा जनपद को 10 करोड़ रुपये मिले हैं। चित्रकूट और हमीरपुर को पांच-पांच करोड़, महोबा को साढ़े तीन करोड़, जालौन को आठ करोड़, झांसी को साढ़े नौ करोड़ और ललितपुर को सात करोड़ रुपये मिले हैं। गौरतलब है कि चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिलों में कुल 98,019 पैकेटों का वितरण किया जा रहा है। हालांकि अंत्योदय कार्डधारक इससे कई हजार ज्यादा हैं। उनका पत्ता साफ कर दिया गया है। इस बारे में राजस्व अधिकारियों का कहना है कि जिन अंत्योदय कार्ड धारकों के नाम नहीं हैं उन्हें पात्र नहीं पाया गया है। बांदा में 40,425, चित्रकूट में 21,074, हमीरपुर में 21,194 और महोबा में 15,369 राहत पैकेट बांटे जा रहे हैं।