बांदा/खत्री पहाड़। ओवरलोड ट्रकों और अवैध खनन के खिलाफ बीती रात प्रशासन, खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 47 ओवरलोड ट्रक पकड़े गए। उधर, छापे की भनक मिलने पर बालू ठेकेदारों ने कई पोकलैंड मशीनें खदानों के नजदीक खेतों में ले जाकर खड़ी कर दीं।
सीमावर्ती मध्य प्रदेश से आ रहे ओवरलोड ट्रकों की धरपकड़ यहां गिरवां थाना क्षेत्र में की गई। पकड़े गए ट्रकों को देवी मंदिर से गिरवां थाने के पीछे तक खड़ा कराया गया है। हालांकि इन ट्रकों से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बाधा पैदा हो रही है।
ग्राम पंचायत काजीपुर के सिल्पाही बालू घाट से वहां के बालू कारोबारी केन नदी की जलधारा रोककर अवैध खनन कर रहे हैं। नदी पर रास्ता बना लिया गया है। नत्थू, फूलचंद्र, सुरेश, छोटे, सुंदर आदि ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की है।
नरैनी क्षेत्र के जरर गांव निवासी सुरेशचंद्र ने अधिकारियों को दी अर्जी में कहा है कि उसकी भूमिधरी में बालू माफिया जबरन पोकलैंड मशीनों से अवैध खनन कर रहे हैं। दिन-रात ट्रकों व ट्रैक्टरों से बालू का अवैध परिवहन हो रहा है।