बांदा। अवैध खनन में दो ठेकेदारों पर 41 लाख रुपये जुर्माना किया है। डीएम ने खदान संचालकों को नोटिस दिया है।
जिला प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी जिले में नदियों में अवैध खनन का कारोबार जारी है। संचालक सीमा क्षेत्र से इतर खनन कर सरकार को लाखों रुपये का चूना लगा रहे हैं। शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने जांच कराई तो कमासिन क्षेत्र के दादौं खादर खदान में पट्टा क्षेत्र के इतर 2698 घन मीटर मौरंग का अवैध खनन पाया गया।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने खदान संचालक फाल्गुन गिरि माइंस के अलोक कुमार शुक्ला पर 24 लाख 28 हजार 200 रुपये का जुर्माना किया है। इसी प्रकार पथरी खदान में जांच में अफसरों को पट्टा क्षेत्र के इत 1354 घन मीटर मौरंग का अवैध खनन मिला। डीएम ने खदान संचालक अवधेश त्रिपाठी पर 17 लाख 18 हजार 600 का जुर्माना किया है। दोनों संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।