बांदा। मटौंध नगर पंचायत के स्थानांतरित अधिशासी अधिकारी (ईओ) नरेंद्र कुमार मिश्रा के विरुद्ध भाजपा और इंडियन कौंसिल आफ ह्यूमन राइट्स ने मोर्चा खोलते हुए ईओ के तमाम पिछले मामलों का चिट्ठा प्रदेश के नगर विकास प्रमुख सचिव को भेजा है। उन्हें चित्रकूटधाम मंडल बाहर स्थानांतरित करने की मांग की है। हाल ही में उक्त ईओ को मटौंध से नरैनी स्थानांतरित किया गया है।
मटौंध के भाजपा नगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने डीएम को दिए पत्र में कहा कि स्थानीय निकाय निदेशक ने 28 मई को ईओ नरेंद्र कुमार मिश्रा का तबादला नरैनी कर दिया है। उन्हें कार्यमुक्त किया जा चुका है लेकिन श्री मिश्र ने नरैनी में अब तक चार्ज नहीं लिया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मटौंध में ही रहकर ईओ अभिलेखों में हेराफेरी कर रहे हैं। अपनी पुरानी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मशगूल हैं। भाजपा नेता ने डीएम ने मांग की है कि अविलंब किसी अधिकारी को ईओ का चार्ज दिया जाए। किसी भी दशा में श्री मिश्र को मटौंध का अतिरिक्त चार्ज न दिया जाए वरना निष्पक्ष जांच नहीं हो पाएगी।
उधर, दि इंडियन कौंसिल आफ ह्यूमन राइट्स के मंडल प्रमुख बृजेश सिंह ने प्रदेश शासन के नगर विकास प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर कहा है कि ईओ नरेंद्र कुमार मिश्रा का तबादला भ्रष्टाचार की गंभीर शिकायतों पर हुआ है लेकिन उन्हें जिले में ही नरैनी भेजा गया है। यह स्थानांतरण नीति के विरुद्ध है। उक्त ईओ मटौंध में आठ वर्ष से तैनात थे। उन पर कई वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप हैं। श्री सिंह ने कहा कि उक्त ईओ को मटौंध संबद्ध नहीं किया जाना चाहिए। वार्षिक स्थानांतरण नीति के तहत उनका तबादला मंडल से बाहर होना चाहिए। ईओ के विरुद्ध कई गंभीर शिकायतों की जांच चल रही है। शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि निकाय निदेशालय के पटल सहायक ईओ श्री मिश्रा का बचाव कर रहे हैं। मांग की कि निष्पक्ष जांच के लिए ईओ को मंडल से बाहर तबादला किया जाए। साथ ही उनका निलंबन हो।
ईओ के विरुद्ध भाजपा ने मोर्चा खोला
चित्रकूटधाम मंडल से बाहर तबादले की मांग
मटौंध से नरैनी किया गया है ईओ नरेंद्र मिश्रा का तबादला
अमर उजाला ब्यूरो