लोकसभा चुनाव में बांदा-चित्रकूट संसदीय सीट के लिए दाखिल 24 नामांकन पत्रों में 16 को निर्वाचन अधिकारी ने कई खामियां मिलने पर खारिज कर दिया। इसके बाद अब कुल आठ नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। सोमवार को नाम वापसी और चिह्न का आवंटन होगा।
संसदीय सीट के लिए 10 से 18 अप्रैल तक चली नामांकन प्रक्रिया में कुल 24 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। शनिवार को इनकी जांच की गई। कई त्रुटियों या कमियों पर जिनके नामांकन पत्र खारिज हुए हैं(
उनमें भाजपा के बागी निर्दलीय अशोक त्रिपाठी जीतू (कटरा, बांदा) समेत भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के भूपेंद्र शुक्ल (सिविल लाइन, बांदा), नैतिक पार्टी के कृष्ण कुमार द्विवेदी (खुरहंड), राष्ट्रीय अपना दल के सुरेंद्र कुमार (मऊ, चित्रकूट), विजय प्रकाश (खोही, चित्रकूट), छेदी लाल, (चित्रकूट, मप्र), चंद्रशेखर अवस्थी (महुटा, बांदा), सुनीता देवी (पुनाहुर, बांदा), रोहित कुमार द्विवेदी (झांसी), चंद्रशेखर तिवारी (बांदा), अमित सिंह पटेल, (बबेरू), रामशरण (तकुली, बांदा), घनश्याम कुमार ( तुर्रा, बांदा), हरीशंकर मिश्रा (चित्रकूट), सत्यदेव, (मानिकपुर) और राजबहादुर कुशवाहा (नगनेधी, बांदा) शामिल हैं।
नामांकन पत्र खारिज होने के पीछे जो कारण बताए गए, उनमें प्रस्तावक के हस्ताक्षर न होना, प्रारूप 26 अधूरा या स्टांप विहीन होना आदि कमियां बताई गई हैं। वैध पाए गए नामांकन पत्रों में भाजपा से आरके सिंह पटेल, सपा-बसपा गठबंधन से श्यामाचरण गुप्ता, कांग्रेस से बाल कुमार पटेल, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया से छोटेलाल, अंबेडकर समाज पार्टी से सिराज राहत खां, सीपीआई से महेंद्र और निर्दलीय राम प्रताप तथा स्वतंत्र जनता राज पार्टी की मीरा देवी शामिल हैं