बांदा। अतर्रा थाना क्षेत्र के शांतिधाम स्कूल के पास सोमवार की सुबह साइकिल सवार को बचाने में बोलेरो पेड़ से टकरा गई। उस पर सवार एक ही परिवार के घनश्याम (60), माया (58), रोहित (40), रानी (35), सुदामा (16), प्रियंका (12) घायल हो गए। यह सब छतरपुर (मध्य प्रदेश) के रहने वाले हैं। अमावस्या पर चित्रकूट जा रहे थे। सभी को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
उधर, नरैनी थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी इंदल (25) पुत्र भूरा प्रसाद रविवार की शाम नरैनी से घर आते समय बाइक खाई में गिर जाने से घायल हो गया। शहर के बलखंडी नाका निवासी जगमोहन (45) पुत्र रामगोपाल अतर्रा चुंगी चौकी के पास बाइक से गिरकर जख्मी हो गया। बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन गांव निवासी सावित्री (40) पत्नी भइयालाल बाइक की टक्कर से घायल हो गई।
पैलानी थाना क्षेत्र के नरी गांव निवासी सुशील (50) पुत्र महावीर मटौध से बाइक में घर आते समय खैराडा में गिरकर जख्मी हो गया। टिटिहरा (चित्रकूट) निवासी राजनरायण (60) पुत्र बालेश्वर, प्रभा (25) पत्नी राजकिशोर मटौध से घर जाते समय दूसरी बाइक से टकराकर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।