बांदा। मेडिकल कालेज में 13 नए मरीजों के साथ क्वारंटीन वार्ड में भर्ती होने वालों की संख्या 28 हो गई है। उधर, 39 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। इसमें 55 वर्षीय जमाती का पांचवां सैंपल भी शामिल है।
मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार यादव ने बताया कि दो दिनों में 39 सैंपल जांच के लिए लखनऊ लैब भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट अब तक नहीं आई। 17 अप्रैल को 20 और 18 अप्रैल को 19 सैंपल भेजे गए हैं। इसमें शिव गांव के 55 वर्षीय जमाती का पांचवां सैंपल भी शामिल हैं।
इसकी पहली और दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव तथा तीसरी व चौथी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। पांचवीं रिपोर्ट निगेटिव आने पर क्वारंटीन में शिफ्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रविवार को शाम तक 13 नए मरीज मेडिकल कालेज में भर्ती कराए गए हैं। अब क्वारंटीन वार्ड में 28 मरीज भर्ती हैं। आइसोलेशन वार्ड में 10 मरीज रखे गए हैं।
उधर, जिला अस्पताल के फ्लू वार्ड में 95 मरीजों का पंजीकरण हुआ। 17 बुखार के मरीज पाए गए। इनमें 3 को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
सर्दी-खांसी से ग्रसित तीन मरीजों को दवा देकर घर भेज दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. एसएन मिश्रा ने बताया कि फ्लू काउंटर/वार्ड अलग बनाया गया है। इसमें आने वाले मरीजों का ब्योरा उचधिकारियों को भेजा जाता है।
कोरोना जांच को 300 रैपिड टेस्ट किट आईं
बांदा। कोरोना संक्रमण की जांच मेडिकल कालेज में अब आसानी से हो सकेगी। शासन ने स्वास्थ्य विभाग को लगभग 300 रैपिड टेस्ट किट उपलब्ध कराई हैं। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.संतोष कुमार ने दी। उधर, मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य डा. मुकेश कुमार यादव ने बताया कि टेस्ट किट से मात्र 10 मिनट में ही जांच हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कालेज समेत कृषि विश्वविद्यालय, सीएचसी नरैनी में क्वारंटीन किए गए लोगों की जांच किट से की जाएगी। सीएमओ से किट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उधर, मटौंध जीआईसी में कोटा से आए छात्रों की जांच रैपिड टेस्ट किट से की गई। सभी सामान्य पाए गए।