हाल ही में सेवानिवृत्त हुए विभिन्न स्कूल-कालेजों के 40 शिक्षकों को गुरुवार को जेपी शर्मा इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में विदाई दी गई।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले आयोजित विदाई समारोह में शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी और डीआईओएस हिफजुर्रहमान ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
माध्यमिक शिक्षक संघ मंडलीय मंत्री मेजर मिथलेश कुमार पांडेय भी शामिल रहे। छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत पेश किया। 31 मार्च को सेवानिवृत्त हुए 40 शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मियों को रामायण की प्रति प्रदान की गई। सेवानिवृत्त होने वालों में जीआईसी (बांदा) के प्रधानाचार्य राजकुमार सिंह, मिलाथू प्रधानाचार्य राम सिंह, आनंद किशोरी लाल (खप्टिहा), शिवचंद्र द्विवेदी (अतर्रा), मूलचंद्र यादव (बदौसा), विजय शंकर सेठ (तिंदवारी) आदि शामिल थे।
शिक्षक विधायक श्री त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक अब बिना किसी दबाव के काम कर रहे हैं। यह संगठन की ताकत है। वित्तविहीन और अंशकालिक शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया।
जिला विद्यालय निरीक्षक हिफजुर्रहमान ने रिटायर्ड शिक्षकों के कार्यकाल को सराहा और कहा कि उनका जीपीएफ, पेंशन आदि देय शीघ्र दिए जाएंगे।
कार्यक्रम के संयोजक मेजबान प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने सभी की अगुवानी की। अतिथियों को शाल व स्मृति चिन्ह दिए। कार्यक्रम का संचालन संघ जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी ने किया।
शिक्षक नेता पतिराखन सिंह, शिवपूजन सिंह (मुरवल), रामखिलावन प्रजापति (मिलाथू), प्रधानाचार्य सीमा श्रीवास्तव, तारा शर्मा, नीरज मिश्रा, हरितांकर, ओमप्रकाश निगम, विनय प्रताप, शरद मिश्रा, होतीलाल, रमेश कश्यप, स्वयंबर सिंह, विवेक गुप्ता, शिवपूजन, शिवगोपाल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।