अतर्रा। दो परिवार के 12 किसानों की करीब 100 बीघे में खड़ी हुई गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत से करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। प्रधान मनोज द्विवेदी ने हुई इस आगजनी से किसानों का करीब 15 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान होना बताया है।
तहसील क्षेत्र के ओरहा गांव के तुर्रा हार में रविवार काे दोपहर को अज्ञात कारणों से खेतों में खड़ी हुई गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते चंद घंटे में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग का धुआं और लपटें देखकर अगल-बगल के किसान चीख-पुकार मचाकर बुझाने के लिए दौड़ पड़े। लेकिन, भीषण आग की लपटों ने दो परिवारों के रिश्ते में लगने वाले चाचा-भतीजे राजबहादुर पाठक, रामनरेश, रामप्रकाश दीक्षित, शिवकरण दीक्षित, रामरूप दीक्षित, अवधेश दीक्षित, रामसुंदर दीक्षित, आशु दीक्षित, गोपाल दीक्षित, रामहृदय दीक्षित, शिवशर्मा दीक्षित, हरिओम दीक्षित, रजनू दीक्षित, सहित आदि किसानों के खेतों में कटाई के लिए खड़ी हुई गेहूं की फसल जल गई।
सूचना पर पहुंची दमकल कर्मियों ने क्षेत्र के किसानों की मदद से करीब चार घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रधान मनोज द्विवेदी ने बताया किसानों का करीब 15 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। किसान अभी एक भी गेहूं का दाना घर नहीं ले जा सका। इस घटना के बाद पीड़ित किसानों के परिवार बेहद परेशान हैं।