बलरामपुर। ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर जिले के सभी हनुमान मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। मंगल को जन्मे मंगल ही करते मंगलमय हनुमान... आदि भजन मंदिरों में पूरे दिन गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर बल, विद्या व बुद्धि का आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर भक्तों ने नगर में जगह-जगह प्रसाद वितरित किया।
जिलेभर में ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल की धूम रही। वीर विनय चौराहा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में सुबह हनुमान चालीसा व रामचरित मानस पाठ के साथ बड़े मंगल का शुभारंभ हुआ। पूरे दिन बजरंगबली की पूजा के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। झारखंडी स्थित हनुमान मंदिर में भी बजरंगबली की पूजा के लिए पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। रानी तालाब स्थित हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ के बाद श्री सीताराम नाम संकीर्तन हुआ।
इसी तरह उतरौला स्थित हनुमान मंदिर, कलवारी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर व पहलवारा स्थित हनुमान मंदिर में भी पहले बड़े मंगल पर पूरे दिन भक्तों की भीड़ रही। गैसड़ी, पचपेड़वा, मथुरा बाजार, ललिया, हरैया, शिवपुरा, महराजगंज तराई, गौरा चौराहा, हरिहरगंज, श्रीदत्तगंज, रेहरा बाजार, गैड़ास बुजुर्ग, सादुल्लाहनगर, महदेइया, पेहर बाजार, बलरामपुर देहात आदि स्थानों पर भी बड़ा मंगल बड़े ही श्रद्धा के साथ मनाया गया।
जगह-जगह लगे भंडारे
ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर जिलेभर में भंडारे का आयोजन किया गया। गोंडा रोड स्थित महारानी धर्मशाला के पास सदर विधायक पल्टूराम व तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर भंडारे का शुभारंभ किया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शुभेंद्र गौरव मिश्र, शाबान अली, डीपी सिंह, सर्वेश सिंह, अमित श्रीवास्तव, सुशील सिंह, त्रिपुरारी शंकर तिवारी आदि मौजूद रहे। इसी तरह भगवतीगंज, पहलवारा व चौक बाजार आदि स्थानों पर भी आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।