बलरामपुर। साइबर जालसाजों ने एक महिला के बैंक खाते से 22 दिनों के भीतर यूपीआई के माध्यम से 10,49,976.99 रुपये निकाल लिए। खाते से लगातार रकम निकलने की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम सेखुईकला निवासी मोहम्मद सलमान ने बताया कि उनकी मां साजिदा के इंडियन बैंक खाते से 17 जून से 8 जुलाई 2026 के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई के माध्यम से कई किस्तों में कुल 10,49,976.99 रुपये निकाल लिए। खाते से लगातार हो रही निकासी की जानकारी मिलने पर उन्होंने 8 जुलाई को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका उन्हें एक्नॉलेजमेंट भी प्राप्त हुआ।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बैंक खाते के लेनदेन, संबंधित यूपीआई आईडी, मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से धनराशि के ट्रांजेक्शन की पूरी श्रृंखला खंगाली जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना आरपी यादव ने बताया कि साइबर ठगों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को होल्ड कराया जा सके।