बलरामपुर। जिले के शहरी इलाके में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, जबकि ग्रामीण इलाकों में किसानों को अभी भी बारिश का इंतजार है। बुधवार को जिले में चार मिली मीटर बारिश होने की बात कही जा रही है।
बीते दो दिनों से मौसम में उतार चढ़ाव का दौर चल रहा है। कभी तेज धूप से लोगों की मुसीबत बढ़ रही है तो कहीं पर उमस से मुश्किलों में इजाफा हो रहा है। इन सबके बीच बुधवार की भोर एकाएक मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान पर बादल छा गए। कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब बीस मिनट तक हुई बारिश से शहर के बस स्टेशन रोड पर जलभराव से लोगों को दिक्कत हुई। वहीं, श्रीदत्तगंज सीएचसी में बारिश के कारण जलभराव की समस्या से लोगों को दिक्कत हुई।
किसानों को बारिश का इंतजार
पिपरहवा चौराहा (बलरामपुर)। बरसात न होने से किसानों को धान की रोपाई करने में समस्या हो गईं है। क्षेत्रीय किसान सीताराम,भूपेंद्र, करुणासिंधु, भल्लू, पुत्तीलाल, कमला प्रसाद, छेदी आदि ने बताया कि धान की नर्सरी बोरिंग से तैयार की गई है लेकिन, बरसात न होने से धान की रोपाई नही हो पा रही है। बरसात न होने से नर्सरी बचाना मुश्किल हो रहा है।