रेहरा बाजार (बलरामपुर)। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से बरसात का पानी स्थानीय बाजार स्थित पावर हाउस परिसर में भर गया है। जलभराव की इस समस्या को जल्दी दूर न किए जाने पर यहां से होने वाली सप्लाई स जुड़े आस पास के चार सौ गांवों में बिजली संकट गहराने की आशंका जतायी है। परेशान उपभोक्ताओं ने डीएम को पत्र भेजकर प्राथमिकता के आधार पर इस परेशानी को दूर कराने की मांग की है।
बिजली उपभोक्ता सुशील, आज्ञाराम वर्मा, मनोज, पवन सोनी, भारत नरेश सिंह, दिलीप सिंह व दिनेश सिंह आदि ने बताया कि रेहरा बाजार के विद्युत पावर हाउस परिसर में भारी बरसात के कारण जलभराव की समस्या पैदा हो गयी है। जलभराव के कारण कर्मचारियों को कार्य करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। यदि जल्दी जलभराव खत्म कराने को निकासी की व्यवस्था नहीं करायी गयी तो इससे जुड़े 400 गांवों की बिजली गुल होने का अंदेशा है। इसका खामियाजा तीन लाख से अधिक की आबादी को भुगतना पड़ेगा। एसडीओ रेहरा बाजार अंकुर ने बताया कि जल निकासी की व्यवस्था कराने के साथ ही उच्च अधिकारियों को भी इस बाबत सूचना दे दी गयी है। संवाद