पचपेड़वा (बलरामपुर)। सोहेलवा सेंक्चुरी में स्थित चित्तौड़गढ़ प्राकृतिक जलाशय में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। क्षेत्रवासी हर चुनाव में यहां पर्यटन विकास की मांग को चुनावी मुद्दा तो बनाते हैं लेकिन होने वाले जनप्रतिनिधि इसे ठंडे बस्ते में डाल देते हैं। इस बार क्षेत्र के कई प्रधानों ने यह ऐलान कर दिया है कि जो प्रत्याशी यहां पर्यटन विकसित कराएगा हम उसे ही वोट करेंगे। इन लोगों ने इस जलाशय को ईको टूरिज्म सेंटर के रूप में विकसित करने की मांग की है।
सोहेलवा सेंक्चुरी स्थित चित्तौड़गढ़ जलाशय व उसके आस पास पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन विकसित होने से क्षेत्र में रोजगार के तमाम अवसर भी पैदा होंगे। बीते कई वर्षों से यहां के लोग ईको टूरिज्म डेवलेपमेंट की मांग कर रहे हैं। कई बार प्रस्ताव भी तैयार कर शासन को भेजा गया लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों की दमदार पैरवी न होने से यहां टूरिज्म विकसित नहीं हो सका। क्षेत्र के प्रधान मो. कय्यूम खां, अमीर, डॉ. अफजाल अहमद खान, विजय कुमार उपाध्याय, राहुल कुमार यादव, अब्दुल मन्नान खान, आशीष यादव, शिवम गुप्ता व संजय कुमार यादव आदि ने एक शपथ पत्र तैयार किया है।
इन लोगों ने शपथ पत्र में कहा है कि हम लोगों ने क्षेत्रवासियों के साथ शपथ लिया है कि हम उस प्रत्याशी को ही वोट करेंगे जो चित्तौड़गढ़ जलाशय को ईको टूरिज्म सेंटर बनाने का पक्का वादा करे तथा साथ ही साथ क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हो। क्षेत्रवासियों के इस निर्णय ने क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे दावेदारों में खलबली मचा दी है। सभी दावेदार अपने-अपने तरीके से क्षेत्र में ईको टूरिज्म विकसित करने का दावा कर रहे हैं लेकिन क्षेत्रवासी उनके दावों को अपनी कसौटी पर कस रहे हैं। मतदाता किस दावेदार पर भरोसा करेंगे यह आने वाले तीन मार्च को मतदान के दिन स्पष्ट होगा।