फोटो-7-बलरामपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिया जा रहा प्रशिक्षण।-सं?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। छठे चरण में तीन मार्च को जिले के 1857 पोलिंग बूथों पर होने वाले मतदान के दिन भ्रमणशील रहकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को ब्योरा जुटाना होगा। टेंडर, चैलेंज, पोस्टल बैलेट व प्राक्सी वोटरों के मतों, अनिवार्य 17 नंबर के रजिस्टर, विभिन्न प्रपत्रों के निस्तारण और ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के संचालन की जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी रहेगी। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह बातें सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक केएस श्रीनिवासन ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही। डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रुति ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मतदान के दिन ड्यूटी निभाने का जिम्मा सौंपा। सीडीओ/नोडल अधिकारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण रिया केजरीवाल के पर्यवेक्षण में सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दो-दो पालियों में दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। पहले दिन गैसड़ी व तुलसीपुर विधानसभाओं के जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रशिक्षित किए गए।
शनिवार को सदर व उतरौला विधानसभाओं के दो-दो जोनल व 33 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षित किया गया। एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अभिलाष, सदर एसडीएम राजेंद्र बहादुर, पीडी अनिल कुमार सिंह, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, डीएसटीओ संजीव कुमार, बीएसए डॉ. रामचंद्र, मत्स्य निरीक्षक रमन चौधरी, जिला कृषि अधिकारी आरपी राना, अपर डीएसटीओ रंजीत कुमार व दिनेश यादव और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी संतोष यादव ने दोनों पालियों में प्रशिक्षण दिया। डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह ने दोनों पालियों के जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को विधानसभा चुनाव में प्रयोग होने वाली ईवीएम व वीवीपैट मशीन के संचालन के बारे में जानकारी दी।