रेहरा बाजार (बलरामपुर)। स्थानीय ब्लॉक की महुआ ग्राम पंचायत के मजरे मटखौली में तीन वर्ष बाद भी बिजली न पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने रविवार को विभागीय उदासीनता के खिलाफ आक्रोश जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एक्सईएन पावर कार्पोरेशन को पत्र भेजकर गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा कराए जाने तथा बिजली आपूर्ति शीघ्र शुरू कराए जाने की मांग की है।
ग्रामवासी बालकराम, दुर्गा प्रसाद, लवकुश, अनिल, गया प्रसाद, सुभाष, दिनेश, राजेश, बृजलाल, रामजनम, गुरु प्रसाद, बुधराम व राम प्रताप आदि ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि गांव में करीब तीन वर्ष पहले विद्युतीकरण का कार्य शुरू किया गया था। विद्युतीकरण के लिए गांव में विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर तो लगा दिया गया लेकिन अभी तक तार नहीं खींचा गया है। कार्यदायी संस्था बिना तार लगाए ही फरार हो गई। तार न खींचे जाने के कारण गांव में अभी तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।
बिजली आपूर्ति शुरू न होने से गांव के करीब 700 लोग आज भी ढिबरी व लैंप की रोशनी में जीवन बसर कर रहे है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा कराए जाने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों के साथ स्थानीय जन प्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई गई लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने एक्सईन को मांग पत्र भेजकर गांव में बिजली आपूर्ति शीघ्र शुरू कराए जाने की मांग की है।