बलरामपुर। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता 25 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती मनाएंगे। राजीव गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की एक बैठक रविवार को जिलाध्यक्ष के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में राजीव गांधी जयंती पर स्कूली बच्चों की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरु एवं जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी आज भी युवाओं के आदर्श है। देश के युवाओं का मानना है कि राजीव जी के आदर्शों पर चलकर ही देश को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में लाया जा सकता है।
राजीव जी के आदर्शो एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति बच्चों को जागरूक करने के लिए ही उनकी जयंती पर 25 अगस्त को छात्र-छात्राओं की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता जिला मुख्यालय पर आयोजित की जाएगी।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के आयोजन के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधन से संपर्क करने तथा छात्र-छात्राओं से फार्म भरवाकर प्रवेश पत्र वितरित करने का निर्देश दिया गया।