गैड़ास बुजुर्ग (बलरामपुर)। एसडीएम अवधेश कुमार व बीडीओ डॉ. जितेंद्र नाथ दूबे ने स्थानीय विकास खंड के ग्राम बढ़या भैसाही में टीकाकरण से मना करने वाले आठ परिवारों को टीकाकरण के फायदे बताकर टीकाकरण के लिए राजी कर लिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन परिवार के बच्चों का टीकाकरण किया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शोयब अहमद ने गर्भवती माताओं को प्रसव पूर्व होने वाली चार एएनसी जांच के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। एसडीएम ने कहा कि 0-5 वर्ष के बच्चों को सभी टीके लगवाकर टीबी, गलघोंटू, काली खांसी, टिटनेस, निमोनिया, पीलिया, दस्त, हिब्स, खसरा, दिमागी बुखार, पोलियो व इन्फ्लूएंजा जैरी 12 जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सकता है।
अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर सभी परिवार अपने बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए राजी हो गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन परिवार के बच्चों का टीकाकरण किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सबरोज, बीएमसी यूनिसेफ राम शंकर यादव, डॉ. साजिद, डॉ. नवीन, एएनएम मेनिका, मीना त्रिपाठी व नुरुलनिशा आदि रहे।