बलरामपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी/टीएलएम मेले का आयोजन किया गया। मेले में 76 माध्यमिक, 31 उच्च प्राथमिक व 32 प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों ने विज्ञान व गणित पर आधारित अपने-अपने मॉडल प्रस्तुत किया। माध्यमिक, उच्च प्राथमिक व प्राथमिक स्तर पर निर्णायक मंडल ने अंकों के आधार पर बेहतरीन माडल को पुरस्कार के लिए चयनित किया।
मेले का शुभारंभ डायट प्राचार्य हिफजुर्रहमान ने फीता काटकर किया। उन्होंने टीएलएम मेले के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए जानकारी दी। मेले में सुंदर दास रामलाल इंटर कॉलेज की शिक्षिका शुभि ने मात्रा ज्ञान, आकाश कुमार सिंह ने विभिन्न आकार पर आधारित टीएलएम प्रस्तुत किया। राजकीय इंटर कॉलेज गैसड़ी के शिक्षक आनंद शुक्ल ने अंग्रेजी अनुवाद, लाल बहादुर वर्मा ने विद्युत चुम्बकीय तरंगों पर आधारित माॅडल बनाया था।
इसी तरह उच्च प्राथमिक विद्यालय बरगदवा सैफ पचपेड़वा के अनूप कुमार वर्मा ने चक्री खेल, अली हसन ने चंद्रयान व उच्च प्राथमिक विद्यालय इमिलिया कोडर के शिक्षक पंकज द्विवेदी ने गुणा मशीन पर आधारित टीएलएम प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल के डॉ. राम रहीस, कुमारी कृतिका तिवारी व डॉ. लवकुश पांडेय ने टीएलएम का अवलोकन कर अंक प्रदान किया। अंकों के आधार पर माध्यमिक, उच्च प्राथमिक व प्राथमिक स्तर पर अलग-अलग टीएलएम को पुरस्कार के लिए चुना गया।
माध्यमिक स्तर पर राजकीय इंटर कॉलेज गैसड़ी के शिक्षक लाल बहादुर के मॉडल को पहला, राजकीय विद्यालय दारीचौरा के आशीष वर्मा के मॉडल को दूसरा व बलरामपुर माडर्न इंटर कॉलेज के शिवांश पांडेय को तीसरा पुरस्कार मिला। उच्च प्राथमिक स्तर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय तुलसीपुर की कुसुम कुमारी को प्रथम, रामपुर के रविकांत चौधरी को द्वितीय व इमिलिया की रिशू पांडेय को तृतीय पुरस्कार मिला। प्राथमिक स्तर पर रमजान अली प्रथम, अभिषेक पांडेय द्वितीय तथा गुंजन श्रीवास्तव को तृतीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। मेले में डॉ. प्रवक्ता गोविंद कुमार, सुरेंद्र सिंह, त्रिपुरारी पूजन, सपना वर्धन, पवन कुमार वर्मा, अब्दुल वदूद आदि का सहयोग रहा।