बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा जिले के 66 परीक्षा केंद्रों पर चल रही है। शनिवार को संस्कृत व चित्रकला की परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में खासा उत्साह दिखा। परीक्षा में 1994 विद्यार्थी शामिल हुए,वहीं 138 विद्यार्थी गैरहाजिर रहे।
शनिवार को पहली पाली में हाईस्कूल संस्कृत विषय की परीक्षा कराई गई। इसमें पंजीकृत 257 विद्यार्थियों में से 246 ने परीक्षा दी, जबकि 11 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। इसी पाली में इंटरमीडिएट कृषि अभियांत्रिकी विषय की परीक्षा भी हुई, जिसमें 30 में से 29 विद्यार्थी शामिल हुए और एक छात्र अनुपस्थित रहा। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट चित्रकला की परीक्षा कराई गई। इसमें पंजीकृत 1845 विद्यार्थियों में से 1719 ने परीक्षा दी, जबकि 126 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं ने मिलीजुली प्रतिक्रिया व्यक्त की। हाईस्कूल संस्कृत की परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकली छात्रा अंजलि ने कहा कि पेपर आसान था और समय भी पर्याप्त मिला। श्लोक को अच्छे से समझकर उत्तर लिखा है। इंटरमीडिएट कृषि अभियांत्रिकी के छात्र रोहित ने बताया कि सिलेबस से ही प्रश्न आए, तैयारी काम आ गई। चित्रकला की परीक्षा देने आए छात्र शिवम ने कहा कि पेपर बहुत ही आसान था, किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। वहीं छात्रा पूजा ने बताया कि शांत माहौल में परीक्षा हुई, जिससे उत्तर लिखने में आसानी रही।
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने अन्य अधिकारियों और सचल दस्ते के साथ कई केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी निगरानी और प्रवेश व्यवस्था का जायजा लिया। डीआईओएस ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा नकलविहीन और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कहीं से भी अनुशासनहीनता या नकल की शिकायत नहीं मिली है।