फोटो-21-बलरामपुर के शिव नगर के धोबहा नाले में किशोरी की तलाश में जुटी एसडीआरएफ टीम ।-स्रोत : ग्
बलरामपुर। जिले में शनिवार को बाढ़ के पानी में डूबने की अलग-अलग घटनाओं में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, ललिया क्षेत्र में एक 18 वर्षीय किशोरी के भी पहाड़ी नाले में डूबने की आशंका है। उसकी तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम जुटी है।
ललिया क्षेत्र के सिसवा गांव निवासी मोहम्मद शरीफ ने बताया कि उनकी पत्नी शाहिदा शनिवार सुबह करीब नौ बजे शौच के लिए घर से निकली थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान गांव के दक्षिण धनलाल के खेत में बने तालाबनुमा गड्ढे के गहरे पानी में शाहिदा का शव उतराता मिला। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम की मौजूदगी में शव को पानी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। ग्राम प्रधान भरत लाल कसौधन ने बताया कि तालाब के किनारे सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।
दूसरी घटना गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के भुसैलवा गांव की है। गांव निवासी दिलीप कुमार उर्फ कल्लू शनिवार शाम करीब चार बजे भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी भैंस पानी की ओर जाने लगी। उसे रोकने के लिए दिलीप आगे बढ़े, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गए। वह बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई। उनके चचेरे भाई राकेश कुमार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। दोनों मामलों में रिपोर्ट तैयार की गई है।
धोबहा नाले के किनारे मिली चप्पल, किशोरी के डूबने की आशंका
ललिया क्षेत्र के शिवानगर गांव के पास शनिवार को पहाड़ी नाला धोबहा के किनारे 18 वर्षीय शिवानी की चप्पल मिली। इसके बाद उसके नाले में डूबने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी है।
शिवानी के पिता हवलदार ने बताया कि उनकी बेटी शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन के दौरान धोबहा नाले के किनारे उसकी एक जोड़ी चप्पल मिली। इसके बाद परिजनों ने उसके नाले में गिरने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम नाले के पानी और आसपास के क्षेत्र में किशोरी की तलाश कर रही है। फिलहाल शिवानी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।