बलरामपुर। कोतवाली देहात क्षेत्र में बेलहा-गौरा स्टेट हाईवे पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार दो बाइकों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हो गये। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए गये। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक सवार तेज रफ्तार में थे और इन लोगों ने हेलमेट भी नहीं पहना था।
कोतवाली देहात के उपनिरीक्षक शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बेलहा-गौरा मार्ग पर भचकहिया गांव के पास बुधवार देर रात बाइक सवार निखिल मौर्य तथा बाइक सवार सरवन की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में निखिल मौर्य (21) निवासी नौवाबाग, स्टेशन रोड बलरामपुर, सरवन (25) निवासी ग्राम मिठ्ठूडीह, थाना गौरा चौराहा, बलरामपुर, राजू पासवान (32) निवासी ग्राम गुदरा, थाना तुलसीपुर और पूरन (22) निवासी निकट संतोषी माता मंदिर, बलरामपुर नगर घायल हो गये।
मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों लोगों को एंबुलेंस से जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने निखिल मौर्य व सरवन को मृत घोषित कर दिया। राजू तथा पूरन का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइकों की भिड़ंत के बाद चारों लोग सड़क पर गिर गये। इसी बीच एक अज्ञात वाहन घायलों को रौंदते हुए निकल गया। उस वाहन की पहचान नहीं हो सकी। लोगों ने यह भी बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।